रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने एनटीपीसी परीक्षा 2025 की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। बोर्ड की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, यह परीक्षा 5 जून 2025 से शुरू होकर 23 जून 2025 तक आयोजित की जाएगी। एनटीपीसी परीक्षा लगातार 15 दिनों तक आयोजित की जाएगी और यह कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में ली जाएगी।
NTPC का पूरा नाम Non-Technical Popular Categories है, जिसके अंतर्गत स्नातक पास उम्मीदवारों के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाती है। इस भर्ती अभियान में कुल 8113 पद शामिल हैं, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 अक्टूबर 2024 को समाप्त हुई थी।
एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी की जानकारी इस तारीख को होगी जारी
रेलवे भर्ती बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा शहर (Exam City) की जानकारी परीक्षा से 10 दिन पहले जारी की जाएगी। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा से 4 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उम्मीदवार RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉग इन करके यह जानकारी देख सकेंगे।
SC/ST उम्मीदवारों के लिए यात्रा प्राधिकार पत्र और परीक्षा तिथि देखने की सुविधा परीक्षा से 10 दिन पहले एक्टिव कर दी जाएगी। यह सुविधा सभी क्षेत्रीय RRB की वेबसाइट्स पर उपलब्ध होगी।
आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य
RRB ने यह भी बताया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों का आधार कार्ड आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए उम्मीदवारों को मूल आधार कार्ड या ई-वेरीफाइड आधार प्रिंटआउट साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय आधार सत्यापन नहीं करवाया था, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से पहले www.rrbapply.gov.in पर जाकर लॉगिन करके अपने आधार को वेरीफाई करवा लें। वहीं, जिन उम्मीदवारों का आधार पहले से वेरीफाइड है, वे UIDAI पोर्टल से आधार को Unlock स्थिति में रखें ताकि परीक्षा के दिन कोई तकनीकी समस्या ना हो।
फर्जी वादों और अफवाहों से रहें सतर्क
RRB ने उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी देखें। किसी भी अप्रमाणिक स्रोत या सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही, नौकरी दिलाने के नाम पर किसी से पैसे न दें क्योंकि RRB की पूरी भर्ती प्रक्रिया योग्यता और मेरिट के आधार पर पारदर्शी तरीके से कंप्यूटर आधारित होती है।
परीक्षा से जुड़ी हर अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे RRB की संबंधित क्षेत्रीय वेबसाइट्स पर नियमित रूप से लॉग इन करते रहें ताकि कोई भी जरूरी अपडेट या सूचना न छूटे। परीक्षा तिथि नोटिस और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिंक समय पर एक्टिव किए जाएंगे।
नोट: रेलवे एनटीपीसी परीक्षा तिथि नोटिस डाउनलोड करने के लिए आप RRB की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं या सीधे यहां क्लिक करें।
